इटारसी। शनिवार को सुबह सहायक आबकारी आयुक्त राज नारायण सोनी के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त इटारसी की टीम ने शहर में अवैध मदिरा के विरुद्ध कार्यवाही की।
आज की कायर्वाही में कुल 64 लीटर कच्ची शराब और 1155 किलो महुआ लाहन बरामद कर 3 आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट अंतर्गत प्रकरण कायम किया। कार्रवाई के दौरान नाला मोहल्ला में नाला किनारे 77 प्लास्टिक के डिब्बों में भरा 1155 किलोग्राम महुआ लाहन और 30 लीटर कच्ची शराब लावारिश हालत में बरामद कर जब्त की। वहीं पुष्पा बाई कुचबंदिया आसफाबाद से 12 लीटर, आशा बाई कुचबंदिया झुग्गी झोपड़ी न्यास कॉलोनी के पास से 14 लीटर, राजू कुचबंदिया झुग्गी झोपड़ी से 8 लीटर कच्ची शराब बरामद कर जब्त की गई। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम अंतर्गत प्रकरण कायम कर उन्हें गिरफ्तार किया। आज की कार्यवाही सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमिताभ जैन, आबकारी उप निरीक्षक राजेश साहू, मुख्य आरक्षक कृष्ण कुमार चौरे और आरक्षक मदन रघुवंशी के द्वारा की गई। सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमिताभ जैन ने कहा कि अवैध मदिरा के विरुद्ध अभियान सतत जारी रखा जाएगा।









