इटारसी। जीआरपी ने ट्रेन से आउटर पर उतरकर भाग रहे एक युवक को पकड़कर उसके पास से चोरी का एक लेपटॉप बरामद किया है। उसकी कमर में चाकू भी मिला है। रात करीब 9 बजे पेट्रोलिंग के दौरान एएसआई प्रीतमसिंह कुलस्ते, रामदयाल तेकाम, रतनलाल कहार, सुधीर चौधरी, राहुल यादव, अमित कुमार, सौरभ यादव ने युवक को भागते हुए पकड़ा।
युवक के पास रखे बैग की तलाशी लेने पर उसमें एक लेपटॉप मिला जो उसने किसी ट्रेन से चोरी करना बताया है। लेपटाप की कीमत चालीस हजार रुपए बतायी जा रही है। जीआरपी के अनुसार युवक निजाम शेख पिता फखरुद्दीन दिल्ली में रहता है जबकि वह किशनगंज बिहार का मूलनिवासी है। वह भागलपुर एक्सप्रेस से उतरकर भाग रहा था। जीआरपी दिल्ली और किशनगंज से उसका पिछला रिकार्ड पता कर रही है।
तीन जुआरी गिरफ्तार, कच्ची शराब जब्त
इटारसी सिटी पुलिस ने पीपल मोहल्ला निवासी तीन युवकों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जुआरियों से 1950 रुपए और ताश गड्डी जब्त की है। पुलिस के अनुसार गगन परते, सुदीन प्रजापति, योगेश यादव पीपल मोहल्ला में जुआ खेल रहे थे। मुखबिर की सूचना पर जाकर इनको पकड़ा है। इसी तरह केसला पुलिस ने ग्राम रैसलपाटा में आशाराम पिता कनकसिंह उईको 35 वर्ष को कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है।








