इटारसी। केसला थाने के अतंर्गत आने वाले ग्राम बोरखेड़ा में रहने वाले दो परिवारों में जमकर विवाद हुआ। दोनों परिवारों के लोगों के बीच मारपीट भी हुई है। विवाद का कारण एक दिन पूर्व आरोपी द्वारा फरियादी की बहन से बस में टिकट काटते समय कुछ कहासुनी हो गई थी। जब युवती ने अपने परिजनों को यह बात बताई तो शनिवार को मारपीट की घटना हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से काउंटर मामला दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बोरखेडा के राजेश यादव की बहन शुक्रवार को बस में सफर कर रही थी तभी बस के कंडेक्टर संजय यादव ने उससे टिकट काटते समय पैसों के लेनदेन पर से कहासुनी की थी। जब युवती ने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी तो परिजनों ने युवक की पिटाई कर दी। पुलिस ने पक्ष की ओर से फरियादी बस कंडेक्टर संजय यादव उम्र 19 वर्ष की शिकायत पर आरोपी राजेश यादव, प्रेमनारायण यादव, लक्ष्मीनारायण यादव, प्रेमनारायण यादव, रामसेवक यादव, रामनारायण यादव, भागीरथ यादव पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का प्रकरण दर्ज किया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से राजेश यादव की शिकायत पर आरोपी संजय यादव, मनोज यादव व अभिषेक यादव पर प्रकरण दर्ज किया है।










