चाकूबाजी में जख्मी युवक उपचार के दौरान मौत

इटारसी। नयायार्ड में देसी शराब दुकान के पास शुक्रवार की रात करीब 9 बजे शराब के नशे में पैसों को लेकर हुए झगड़े में घायल युवक की आज नर्मदा अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गयी। विवाद के दौरान मारपीट में आरोपी भी जख्मी हुआ था, जो वर्तमान में अस्पताल में भर्ती था।
पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला पंजीबद्ध कर लिया है। मृतक वीरेन्द्र चौहान उर्फ छुट्टा के खिलाफ पूर्व में अड़ीबाजी का एक मामला था, जिसमें वह जेल काट चुका है। नर्मदा अस्पताल में घायल छुट्टा की मौत के बाद शव का होशंगाबाद में पोस्टमार्टम कराया गया। रविवार को पुलिस अधीक्षक अरविन्द सक्सेना ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली।

क्या है मामला…!
बता दें कि नयायार्ड के रहने वाले दुर्गा कटारे 40 वर्ष एवं वीरेन्द्र चौहान उर्फ छुट्टा 25 वर्ष का शुक्रवार को देसी शराब दुकान पर पैसों के लेनदेन पर झगड़ा हो गया था। इस वक्त दोनों ने शराब पी रखी थी। झगड़े में दुर्गा ने जेब में रखे धारदार हथियार से वीरेन्द्र के पेट में वार कर दिए थे, तभी खून से लथपथ वीरेन्द्र ने दुर्गा के सिर पर अपने हाथ का कड़ा जोर से मारा था। हमले में दोनों युवक बुरी तरह जख्मी हुए थे, अत्याधिक रक्तस्त्राव होने से गंभीर वीरेन्द्र को तत्काल नर्मदा हॉस्पिटल रेफर किया था, जबकि दुर्गा कटारे भी सरकारी अस्पताल में भर्ती था। रविवार सुबह अचानक हालत बिगडऩे से वीरेन्द्र की मौत हो गई।

अड़ीबाजी का आरोपी था
पुलिस के अनुसार मृतक वीरेन्द्र के खिलाफ पूर्व में अड़ीबाजी एवं मारपीट का मामला कायम है, जिसमें आरोपी की गिरफ्तारी हुई थी। जेल से वह कुछ माह पहले ही वापस आया था। देशी शराब दुकान पर झगड़े से पहले दोनों ने शराब पीयी थी। शराब पीकर पैसों का विवाद फिर शुरू हो गया। हाथापाई के दौरान तैश में आकर दुर्गा ने जेब से हथियार निकालकर छुट्टा पर प्राणघातक हमला कर दिया।

इनका कहना है…!
वीरेन्द्र और दुर्गा कटारे के बीच पांच हजार रुपए के लेनदेन को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। इस बात पर दोनों में मारपीट हुई थी। दुर्गा पर धारा 307 का मामला दर्ज किया था, जिसमें हत्या की धारा बढ़ाई जाएंगी। आरोपी दुर्गा पुलिस अभिरक्षा में है, उसका इलाज पूरा होते ही गिरफ्तारी की जाएगी।
विक्रम रजक, नगर निरीक्षक
gold01018

Sai Krishna1

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!