इटारसी। यहां न्यास कालोनी स्थित एक मकान से चोरों ने नगदी और जेवर सहित करीब पौने दो लाख के माल पर हाथ साफ कर दिया है। घटना उस वक्त हुई जब पूरा परिवार नागपुर अपने परिवार के मुखिया के आंखों का आपरेशन कराने गया था। यहीं दो दिन बाद एक विवाह समारोह में भी शामिल होना था, लेकिन पड़ोसी से सूचना मिलने पर परिवार आज दोपहर वापस आ गया और घटना की सूचना पुलिस थाने में दी है।
परिवार के सदस्य नीलेश शिंदेकर के अनुसार वे अपने पिता एनआर शिंदेकर की आंखों के आपरेशन के लिए नागपुर गए थे। आज सुबह पड़ोसी ने उनके मकान एलआईजी 228 के ताले टूटे होने की जानकारी दी तो उनको वापस आना पड़ा। वे दो दिन बाद नागपुर में ही एक रिश्तेदार के यहां विवाह समारोह में शामिल होने वाले थे, लेकिन चोरी की सूचना पर वापस आना पड़ा। चोर उनके यहां से चांदी के जेवर और नगदी सहित करीब पौने दो लाख का माल उड़ा ले गए हैं। पुलिस ने फिलहाल नीलेश से आवेदन ले लिया है।
पांच अलमारी के ताले तोड़े
नीलेश ने बताया कि उनके घर से चोरों ने इत्मीनान से चोरी की है। चोर उनके घर की पांच अलमारी के ताले तोड़कर तीन घड़ी, तीन मोबाइल, बिछियां, पायेजब, पायल और नगदी करीब सवा लाख सहित पौने दो लाख का माल उड़ा ले गए। चूंकि उनको नागपुर में ही एक विवाह समारोह में शामिल होना था, अत: वे सोने के जेवर अपने साथ ले गए थे। अन्यथा वे भी चोरी हो सकते थे। पुलिस ने आज उनकी शिकायत पर आवेदन लेकर बाद में एफआईआर दर्ज करने को कहा है।









