रेल कर्मचारियों की पानी बचाओ संस्था को किया सम्मानित
इटारसी। निर्धारित समय से अधिक समय तक रेल गाडिय़ों का चालन-परिचालन करने वाले रनिंग स्टाफ को अपने खाली समय का उपयोग सोशल वर्किंग के माध्यम से सामाजिक कार्यों में लगाना चाहिए। जैसे कि हमारे कुछ रेल कर्मचारियों की संस्था जल एवं पर्यावरण के माध्यम से कर रही है। उक्त विचार भोपाल रेल मंडल प्रबंधक उदय बोरवणकर ने व्यक्त किये।

रेलवे बुनियादी प्रशिक्षण केन्द्र 12 बंगला में आयोजित रनिंग कर्मचारी फैमिली सेमिनार में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में सम्मलित हुए डीआरएम श्री बोरवणकर ने कहा कि रनिंग स्टाफ का कार्य अत्यधिक जिम्मेदारी वाला है, जिसमें निर्धारित समय से अधिक ड्यूटी चालक-परिचालक को करनी पड़ती है। उसके बाद जो समय विश्राम का बचता है उसका उपयोग नशा आदि में ना कर सामाजिक कार्यों में करें। जैसे कि इटारसी के हमारे कुछ रेल कर्मचारियों की सामाजिक संस्था जल व पर्यावरण संरक्षण के लिए कर रही है। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद रेल चालक परिचालक की पत्नियों ने भी अपनी पारिवारिक समस्या से डीआरएम को अवगत कराया तो डीआरएम ने कहा कि आप अपने पतियों से घर परिवार के लिए अधिक समय की अपेक्षा ना करें चूंकि रेलवे को और राष्ट्र को उनसे अधिक अपेक्षाएं हैं। कार्यक्रम के बाद डीआरएम श्री बोरवणकर ने रेलवे कर्मचारियों की जल पर्यावरण संरक्षण संस्था के संयोजक एवं संस्थापक डिप्टी एसएस विनोद चौधरी के साथ ही एसएस बीरवल, गोपाल कुशवाहा, महेश मेहरा, अर्जुन चावड़ा, सत्येन्द्र कुमार, वीरेन्द्र कुमार, खुशीलाल आदि का सम्मान करते हुए उनके कार्य को आदर्शपूर्ण बताया। इस सेमिनार में सीनियर डीईई आदित्य लैना, सीनियर डीई अनुराग दत्त त्रिपाठी एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।







