इटारसी। भैरव अष्टमी के अवसर पर शहर के भैरव मंदिर में पूजन, अभिषेक, हवन, महाआरती एवं भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर के दोनो मंदिरों में आकर्षक विद्युत सज्जा एवं साज सज्जा की गई थी।
हाईवे पर खेड़ा नहर के पास स्थित बाबा काल भैरव के मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा थी, सुबह भगवान की पूजा, अर्चना एवं अभिषेक किया गया। हवन के उपरांत महाआरती एवं शाम 4 बजे से भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। यहां देर रात तक पूजा, अर्चना करने वालों की भीड़ लगी रही।

अन्नपूर्णा लाईन में भी हुआ अभिषक, भंडारा
स्टेशन के समीप अन्नपूर्णा बाजार पुड़ी लाईन स्थित भैरव मंदिर में भी भैरव अष्टमी धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर में आकर्षक विद्युत सज्जा की गई थी। शाम 5 बजे से पूजन अभिषेक शुरु हुआ। हवन एवं महाआरती हुई। तत्पश्चात भगवान को प्रसादी का भोग लगाकर भंडारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।








