इटारसी। एक महत्वपूर्ण शहर है इटारसी। यहां क्लोज सर्किट टीवी कैमरे लगाए जाने अत्यंत जरूरी है। पहले क्या योजना थी, उसमें देरी क्यों हुई, इन सारी बातों को पता करके इस दिशा में आगे कदम बढ़ाए जाएंगे। यह बात डीआईजी रामश्रय चौबे ने यहां पुलिस थाने में मीडिया से चर्चा में कही। वे बैतूल में हुए ट्रिपल मर्डर की स्थिति का निरीक्षण करने जाते वक्त कुछ देर इटारसी रुके थे।
उन्होंने बताया कि इटारसी का यह उनका आकस्मिक विजिट है। वे बैतूल जा रहे थे, रास्ते में इटारसी पड़ता है तो यहां भी सामान्य चर्चा के लिए रुक गये। यहां पर कानून व्यवस्था की वर्तमान स्थिति देखी, टीआई राघवेन्द्र सिंह चौहान से विगत दिनों क्या-क्या कठिनाईयां अपराधों की रोकथाम और अन्य चीजों में आयी, इसकी जानकारी ली है। इसके साथ ही आगे की प्लानिंग पर भी चर्चा की गई है। अपराधों का निराकरण कैसे किया जाएगा इस पर विचार किया गया है।
डीआईजी श्री चौबे ने कहा कि इटारसी रेलवे जंक्शन होने से यहां हर रोज हजारों की संख्या में लोग उतरते हैं। कौन, अपराधी है, यह समझना कठिन है। हम अपने कई प्रकार के तरीकों से इस पर नजर रखते हैं। इटारसी थाने में कबाड़ जमा होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उसके निराकरण के लिए प्रयास होते रहते हैं। जैसे घर में हमारे कबाड़ पसंद नहीं, ऐसे ही थाने में भी कबाड़ रखना कौन चाहेगा। लेकिन, इसकी नियम-प्रक्रिया होती है। न्यायालयों में वाहन चोरी के कई प्रकरण विचाराधीन होते हैं। इनमें कई वाहन भी उनसे संबंधित होते हैं। जब तक न्यायालय से इसकी मंजूरी नहीं मिलती कबाड़ को हटाना संभव नहीं होता है।
इटारसी में सीसीटीवी कैमरे जरूरी : डीआईजी
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








