इटारसी। वैश्विक शांति एवं न्याय के लिए’जय जगत 2020 यात्रा के 9 दिसंबर को इटारसी में होने वाले सभी कार्यक्रम रद्द कर दिये गये हैं। शहर के व्यावसायी सतीश गोठी के आकस्मिक निधन के बाद यात्रा के शहर में होने वाले सभी कार्यक्रम रद्द कर दिये हैं। सभी 50 पदयात्री सोमवार को श्री गोठी की अंत्येष्टि में शामिल होंगे फिर यह यात्रा सीधे पथरोटा के लिए प्रस्थान करेगी।
रविवार 8 दिसंबर 2019 को यात्रा इटारसी आयी। यहां प्लैटिनम रिसोर्ट एंड गार्डन में स्वागत प्रमोद बवेजा, रोहित बवेजा, सहेंद्र सिंह छाबड़ा, कैलाश अग्रवाल, सुधीर गोठी, बाबू चौधरी एवं सौरभ भारद्वाज एवं समस्त प्लैटिनम स्टाफ ने माल्यार्पण करके किया।

स्वागत पश्चात् श्री बवेजा ने स्वागत संबोधन किया एवं इटारसी शहर की जानकारी दी साथ ही इटारसी की प्रसिद्ध हस्तियां माखन लाल चतुर्वेदी एवं हरिशंकर परसाई के बारे में बताया। इस यात्रा में करीब 50 यात्री जो कि विभिन्न देशों से शामिल हैं। ये यात्रा महात्मा गांधी जी की 150 वीं वर्षगांठ पर उनके विचारों को दुनिया के कौने-कौने में पहुंचाने के लिए निकली जा रही है। यात्रा 10 को हिरणखेड़ा में और 11 को सिवनी मालवा में रहेगी। 12 को पगढाल होते हुए यात्रा हरदा जिले में प्रवेश कर जाएगी। उक्त बातें एकता परिषद के राष्ट्रीय संयोजक अनीष कुमार ने बताई।
उल्लेखनीय है कि वैश्विक शांति एवं न्याय के लिए बा-बापू यानी महात्मा गांधी और कस्तूरबा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर एकता परिषद के संस्थापक प्रसिद्ध गांधीवादी राजगोपाल पी व्ही की अगुवाई में ‘जय जगत 2020 यात्रा शुरू की गई है। यह यात्रा दुनिया के कई देशों से होते हुए अगले साल 25 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय जिनेवा पहुंचेगी, जहां 25 से 2 अक्तूबर के बीच हज़ारों शांति दूतों का समागम होगा। यात्रा 30 जनवरी2020 को सेवा ग्राम, वर्धा, महाराष्ट्र स्थित गांधी आश्रम पहुंचेगी, जहां भारत में यात्रा के समापन पर बा-बापू की 150वीं एवं आचार्य विनोबा भावे की 125वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में शांति महासभा का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद यात्रा अन्य देशों के लिए रवाना हो जाएगी।








