इटारसी। पुलिस और आबकारी विभाग की एक संयुक्त टीम ने शनिवार को अलसुबह से अवैध शराब के ठिकानों पर छापामार कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। दोपहर तक ग्रामीण अंचलों में विभागीय कार्रवाई जारी थी। इस छापामारी में सिटी पुलिस, आबकारी विभाग के अलावा जिले के अन्य स्थानों से भी आबकारी की टीम शामिल थी।
आबकारी और पुलिस की संयुक्त टीम ने कच्ची शराब के ठिकानों पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में महुआ लाहन लष्ट किया और कच्ची शराब जब्त कर भट्टियां भी तोड़ी हैं। टीआई राघवेन्द्र सिंह चौहान सहित पुलिस टीम और आबकारी निरीक्षक राजेश साहू और उनकी टीम ने सुबह 5 बजे से शहर के विभिन्न स्थानों पर अवैध कच्ची शराब के ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान बड़ी मात्रा में महुआ लाहन के साथ कच्ची शराब जब्त की। अभी तक की जानकारी में अवैध शराब के निर्माण में लगे एक दर्जन से अधिक लोगों पर आबकारी ने मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इटारसी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में टीम की दबिश चल रही है।

सवा लाख का महुआ लाहन नष्ट
अवैध मदिरा के परिवहन, निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत आज शनिवार को इटारसी में आबकारी विभाग, पुलिस विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने प्रभावी कार्यवाही करते हुए लगभग 1 लाख, 25 हजार रुपए कीमत का 3800 किलो ग्राम महुआ लहान नष्ट किया, 110 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब जब्त की और कुल 12 प्रकरण कायम किये। टीम ने दस आरोपियों को मौके से गिरफ्तार भी किया है।
पचास सदस्यीय टीम बनी थी
अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान में 50 सदस्यीय टीम का गठन किया था। जिला आबकारी अधिकारी अशोक राय एवं एसडीओपी उमेश द्विवेदी के निर्देशन में आबकारी, पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने अलसुबह 6 बजे से इटारसी शहर के गरीबी लाइन, झुग्गी झोपड़ी न्यास कॉलोनी, सूरजगंज, बालाजी मंदिर, नाला मोहल्ला एवं मेहरागांव क्षेत्र में दबिश दी। तकरीबन 4 घंटे चली कार्यवाही चली है।
झाडिय़ों में छिपा था महुआ
संयुक्त टीम ने दबिश के दौरान करीबन 3800 किलो महुआ लहान मौके पर नष्ट किया जो नालों के किनारे झाडिय़ों एवं जमीन में गाड़कर छुपा कर रखा था। टीम ने अवैध शराब के निर्माण में प्रयुक्त भट्टियों को मौके पर तोड़ा एवं शराब निर्माण में प्रयुक्त होने वाली सामगी ड्रमों एवं कुप्पों सहित 110 लीटर कच्ची शराब भी जब्त कर 10 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया और 12 अवैध शराब निर्माताओं के खिलाफ आबकारी एक्ट के प्रकरण पंजीबद्ध किये।
इनके खिलाफ बने प्रकरण
आबकारी उपनिरीक्षक राजेश साहू ने बताया कि तीनों विभाग की संयुक्त टीम ने अल सुबह से अचानक छापामार कार्यवाही की शुरुआत की थी, जिससे किसी को भागने का मौका नहीं मिला। टीम ने लक्ष्मीबाई कुचबंदिया, अनिल कुचबंदिया, अनोखेलाल कुर्मी हरीश चिमानिया, अखिलेश सराठे, रोहित चौहान, राजेंद्र कुमार वैष्णव, दुर्गा प्रसाद, देवीलाल कुचबंदिया एवं ज्योति कुचबंदिया के विरुद्ध आबकारी एक्ट में प्रकरण कायम किए। 2 प्रकरणों में विवेचना जारी है।
ये शामिल थे टीम में
संयुक्त टीम में सहायक जिला आबकारी अधिकारी अजीत एक्का, इटारसी नगर निरीक्षक राघवेंद्र सिंह चौहान, नायब तहसीलदार विनय प्रकाश ठाकुर, आरआई राजकुमार पटेल एवं टोंक सिंह राजपूत के साथ वृत्त इटारसी के प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक राजेश साहू, जेपी दुबे, वासुदेवाचार्य त्रिपाठी, पुलिस उप निरीक्षक अनूप सिंह बघेल, देवीलाल पाटीदार एवं सोनाली चौधरी सहित थाना इटारसी, वृत इटारसी शहर, होशंगाबाद एवं सोहागपुर का स्टाफ शामिल रहा।







