इटारसी। कोरोना वायरस संक्रमण कोविड-19 के मामले में हमारा जिला रेड हॉटस्पॉट में शामिल है। खास बात यह है कि संपूर्ण होशंगाबाद जिले में अब तक केवल इटारसी में ही कोरोना के 16 मरीज मिले हैं, जबकि शेष जिले में ऐसा कोई मरीज नहीं है। यानी इटारसी के कारण ही जिला रेड हॉटस्पॉट में आ गया। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रेड जोन में कड़ाई से नियम पालन के निर्देश दिये हैं। यानी, अब शहर को सख्ती के लिए तैयार रहना होगा। हो सकता है कि आगामी दिनों में प्रशासन की सख्ती दिखाई दे।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखा है। देशभर में कोरोना वायरस के 170 जिले रेड हॉटस्पॉट चिन्हित किए गए हैं। मप्र में केवल पांच जिले रेड हॉटस्पॉट हैं, जिनमें होशंगाबाद भी शामिल है। मध्यप्रदेश के इंदौर, भोपाल, उज्जैन, खरगोन और होशंगाबाद जिले रेड हॉट स्पॉट घोषित हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने सभी राज्यों के मुख्य सचिवों को 28 दिन के अंदर रेड अलर्ट वाली जिलों को ग्रीन अलर्ट में बदलने के निर्देश दिए हैं। इस मामले में केंद्र ने राज्यों से कड़ाई से नियमों का पालन करने का कहा है।
बता दें कि देश के कई हिस्सों को लॉकडाउन से राहत देने के लिए केंद्र सरकार की योजना के तहत देश को अब रेड, ऑरेंज और ग्रीन तीन जोन में बांटा है। देश के कई राज्यों को इन तीन जोनों में बांटने का काम अलग-अलग राज्यों में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की संख्या के आधार पर किया है। लॉकडाउन में राहत देने के लिए गृहमंत्रालय की गाइडलाइंस के साथ ही स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना वायरस के प्रभाव के आधार पर राज्यों को अपने जिले को रेड, आरेंज और ग्रीन जोन में निर्धारित करने का निर्देश दिया है। देश के 170 जिलों को रेज जोन में रखा है। इसके साथ ही संतोष की बात है कि कोरोना की बीमारी ने अभी तक सामुदायिक संक्रमण का रूप धारण नहीं किया है। देश में 359 जिले पूरी तरह से कोराना से मुक्त हैं और ग्रीन जोन में हैं। इनमें रेड और आरेंज जोन में कोरोना वायरस का कंटेनमेंट प्लान लागू होगा और वहां किसी तरह की आर्थिक गतिविधि की इजाजत नहीं दी जाएगी। ग्रीन जोन में शारीरिक दूरी और मास्क की अनिवार्यता के साथ आर्थिक व सामाजिक गतिविधियों की इजाजत मिलेगी। 28 दिन तक कोरोना का एक भी मरीज सामने नहीं आने के बाद आरेंज जोन ग्रीन जोन में तब्दील हो जाएगा।
रेड जोन में हैं हम, सख्ती के लिए तैयार रहें


Rohit Nage
Rohit Nage has 30 years' experience in the field of journalism. He has vast experience of writing articles, news story, sports news, political news.
For Feedback - info[@]narmadanchal.com







