इटारसी। सतपुड़ा का पीला सोना (सागवान) की देशभर में भारी मांग है। यह सबसे अधिक पसंद की जाने वाली इमारती लकड़ी (Emarti Lakdi) में शुमार है। पिछले दिनों हुई नीलामी में रखे लाट आफसेट रेट से 30 फीसद अधिक रेट में बिके। आंध्रप्रदेश के सिकंद्राबाद, मुंबई, नागपुर महाराष्ट्र के व्यापारियों ने सागौन के लाट ऊंचे दामों पर खरीदे।
बता दें कि सामान्य वन मंडल (Van Mandal) के तहत केसला ब्लाक के ताकू काष्ठागार में सागौन के 405 लाट को नीलामी के लिये रखा था जिसमें से 272 सागौन के लाट नीलाम हुए जिन्हें 77 व्यापारियों ने खरीदा।
तीन सौ व्यापारी शामिल हुए
नीलामी में लगभग 300 व्यापारियों ने भाग लिया। विभाग के अनुसार ऐसा भी पहली बार हुआ कि सामान्य वन मंडल ने लाटों की नीलामी का जो आफसेट रेट तय किया था, उससे 30 से 35 प्रतिशत की अधिक दर से सागौन के लाट नीलाम हुए।
राष्ट्रीय स्तर पर पहचान
होशंगाबाद जिले की सागौन ने अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना ली है। डीएफओ लालजी मिश्रा ने बताया कि इस बार नीलामी में सिकंदराबाद्र, मुंबई, नागपुर, जबलपुर, इन्दौर, गुजरात, राजस्थान सहित कई जिलों के व्यापारियों ने भाग लिया था।
पांच करोड़ से अधिक राजस्व
नीलामी में सागौन के 405 लाट रखे गये थे, जिसमें से 272 की नीलामी हुई है। 77 व्यापारियों ने इन लाटों को लिया है जिससे वन विभाग को लगभग 5,62,78000 रूपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। वन अधिकारी नीलामी के बाद से काफी खुश हैं।








