इटारसी। ग्राम बगवाड़ा में उस समय हड़कंप मच गया जब किसान निखिल विश्वकर्मा के खेत में निंदाई का काम कर रहे मजदूरों को 10 फीट लंबा विशाल अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखते ही काम कर रहे सभी लोगों में डर और दहशत का माहौल फैल गया। सूचना मिलते ही गांव के बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
ग्रामीणों ने तत्काल पावरखेड़ा निवासी जाने-माने सर्प विशेषज्ञ उदय सराठे को फोन किया। उदय सराठे अपने सहयोगी बृजेश के साथ तुरंत ग्राम बगवाड़ा पहुंचे। जब उदय सराठे ने मौके पर जाकर देखा, तो अजगर बहुत सारी झाडिय़ों के बीच छिपा हुआ था। उदय सराठे ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया।
अजगर के पकड़े जाने पर सभी गांव वालों ने राहत की सांस ली। अजगर को सुरक्षित पकडऩे के बाद, सर्प विशेषज्ञ उदय सराठे ने सभी गांव वालों को वन्य जीवों के महत्व के बारे में समझाया। उन्होंने कहा कि ये सभी वन्य जीव हैं और इन्हें भी जीने का अधिकार है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इन जीवों को मारे नहीं और जब भी कोई ऐसा जीव दिखे तो तुरंत उन्हें या वन विभाग को सूचित करें।








