इटारसी। ग्राम साकेत में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक घर के कमरे की दीवार में जहरीला सांप दिखाई दिया। वनपरिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा के मार्गदर्शन में सर्प मित्रों की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है।
सुबह-सुबह कमरे में दिखी सांप की पूंछ
घटना आज सुबह करीब 7 बजे की है। ग्राम साकेत निवासी सुरेंद्र चौरे जब सोकर उठे और अपने घर के आगे वाले कमरे में पहुंचे, तो उनकी नजर दीवार पर लगे लोहे के एंगल की दरार पर पड़ी। वहां उन्हें एक सांप की पूंछ लटकती हुई दिखाई दी। देखते ही देखते सांप दरार के अंदर गहराई में चला गया। सुरेंद्र चौरे ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग और सर्प मित्रों को दी।
बेहद जहरीला था ‘इंडियन ब्लैक कोबरा’
सूचना मिलते ही सर्प मित्र अभिजीत यादव, अभय चौरे और मोहित मेहरा मौके पर पहुंचे। सावधानीपूर्वक दीवार की दरार की जांच करने पर वहां इंडियन ब्लैक कोबरा छिपा मिला। करीब 3 फीट लंबा यह सांप ‘न्यूरोटॉक्सिन’ जहर से भरा और बेहद आक्रामक था। सर्प मित्रों ने अपनी कुशलता से उसे बिना कोई नुकसान पहुंचाए सुरक्षित बाहर निकाला।
सुरक्षित स्थान पर किया रिलीज
रेस्क्यू के बाद टीम ने सांप को वनपरिक्षेत्र के सुरक्षित प्राकृतिक आवास में ले जाकर रिलीज कर दिया है। वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि ठंड के मौसम में या घरों की दरारों में सांपों के छिपे होने की संभावना रहती है, ऐसे में उन्हें नुकसान न पहुंचाएं और तुरंत विशेषज्ञों को सूचित करें।









