इटारसी। ग्राम बैंगनिया में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर की छत पर विशालकाय जहरीला सांप देखा गया। स्थानीय निवासी संदीप पटेल ने सूचना दी कि जब वे अपनी छत पर जा रहे थे, तब उन्होंने पड़ोसी अभिषेक मेहरा के घर की छत पर टिन और कवेलू के बीच एक सांप को धूप सेंकते हुए देखा।
ग्रामीणों के अनुसार, यह सांप पिछले कुछ दिनों से लगातार वहां दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही वनपरिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा के निर्देशन में सर्पमित्रों की टीम मौके पर पहुँची। टीम के सदस्य अभिजीत यादव, अभय चौरे और सचिन दुलारे ने तत्परता दिखाते हुए करीब 4 फीट लंबे कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
सुरक्षित स्थान पर छोड़ा
सर्पमित्र अभिजीत यादव ने बताया कि यह सांप अत्यंत विषैला (न्यूरोटॉक्सिन) था। रेस्क्यू के बाद सांप को आबादी क्षेत्र से दूर वनपरिक्षेत्र के सुरक्षित प्राकृतिक आवास में रिलीज कर दिया गया है। सांप के पकड़े जाने के बाद क्षेत्र के रहवासियों ने राहत की सांस ली है।









