इटारसी। ग्राम निटाया में शुक्रवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब सौरभ पटेल के घर की किचन की दीवार में एक जहरीला सांप छिपा मिला। बर्तन रखने के स्टैंड की दरार में सांप की पूंछ लटकती देख परिजनों के होश उड़ गए।
सौरभ पटेल की सूचना पर सर्प रक्षक अभिजीत चौरे, कौशल पटेल, सागर यादव और वरुण चौरे तत्काल मौके पर पहुंचे। सावधानीपूर्वक जांच करने पर वहां करीब 4 फीट लंबा इंडियन ब्लैक कोबरा छिपा मिला। यह सांप अत्यंत विषैला और आक्रामक था, जिसे टीम ने अपनी कुशलता से सुरक्षित बाहर निकाला।
वनपरिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा के मार्गदर्शन में किए इस रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में घरों के आसपास सावधानी रखें और सांप दिखने पर उन्हें नुकसान पहुंचाने के बजाय विशेषज्ञों को सूचित करें।








