इटारसी। इटारसी के निकट स्थित ग्राम तीखड़ के अमाडा क्षेत्र में शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खेत के मकान के अंदर रखे प्लास्टिक के पाइपों के ढेर में 4 फीट लंबा भारतीय ब्लैक कोबरा देखा गया। वन विभाग और सर्पमित्र की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस अत्यधिक जहरीले सांप को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
पाइपों में फुफकार सुनकर हुई पुष्टि
जानकारी के अनुसार, अमाडा निवासी पंकज चिमानिया शाम करीब 6 बजे अपने खेत पर बने मकान के बाहर मौजूद थे। तभी उन्हें कमरे के भीतर रखे प्लास्टिक के पाइपों से लगातार फुफकारने की आवाज सुनाई दी। खतरे को भांपते हुए पंकज चिमानिया ने तत्काल इस बात की सूचना मंटु जितेंद्र चौधरी को दी।
वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू
मामले की गंभीरता को देखते हुए, वनपरिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा के निर्देशन पर तत्काल सर्पमित्र अभिजीत यादव को मौके पर भेजा गया। सर्पमित्र अभिजीत यादव ने कमरे में पहुंचकर, पाइपों के ढेर में छिपे इस कोबरा प्रजाति के सांप को पहचान लिया। यह कोबरा, जो न्यूरोटॉक्सिन जैसा खतरनाक विष रखता है, लगभग 4 फीट लंबा था। बड़ी सावधानी और पेशेवर तरीके से सर्पमित्र अभिजीत यादव ने इस खतरनाक सांप को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के बाद, कोबरा को आबादी से दूर वनपरिक्षेत्र के एक सुरक्षित स्थान पर जंगल में छोड़ दिया गया।









