इटारसी। बुधवार की रात इटारसी के पास ग्राम गुर्रा में एक घर के अंदर 9 फीट लंबा अजगर घुस गया, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया। हालांकि, सर्पमित्रों की टीम ने मौके पर पहुंचकर अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
यह घटना रात करीब 11:30 बजे की है, जब भागीरथ अहिरवार अपने घर में वॉशरूम जा रहे थे। तभी उन्हें कमरे की चौखट पर एक परछाई दिखाई दी। पास जाकर देखा तो वह एक विशालकाय सांप था, जिसे देखकर वे घबरा गए और तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा के निर्देश पर सर्पमित्रों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इस टीम में अभिजीत यादव, अभय चौरे, हर्ष प्रजापति, दीपक पवार, नितिन राजपूत, राजा पाल, और रितिक तिवारी शामिल थे। टीम ने घर के अंदर वॉशरूम की दीवार पर बैठे इस लगभग 9 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित रूप से पकड़ा। रेस्क्यू के बाद, अजगर को वन चौकी पर जानकारी देकर वन परिक्षेत्र के एक सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।









