इटारसी। बारिश का दौर प्रारंभ होते ही सड़कों पर विचरण करने वाले बेआसरा मवेशी राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का सबब बन सकते हैं। इन दिनों बड़ी संख्या में ये मवेशी सड़कों पर सूखी जगह की तलाश में बैठे दिखाई दे रहे हैं। खासकर नर्मदापुरम मार्ग पर खेड़ा से आगे बने ओवरब्रिज पर इनकी संख्या बहुत अधिक है। खेड़ा स्थित आबादी क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में ये मवेशी बैठे रहते हैं।
शहर से नर्मदापुरम की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर खेड़ा क्षेत्र में बनाए गए ओवर ब्रिज मार्ग पर आए दिन निराश्रित पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे राहगीरों के आवागमन में परेशानी उत्पन्न हो रही है। शहर के विभिन्न स्थानों के साथ ही अब तो खेड़ा क्षेत्र में बने ओवरब्रिज पर वाहन चालकों के लिए ये परेशानी का सबब बन रहे हैं। पिछले वर्ष तो कलेक्टर की पहल पर नगर पालिका के अमले ने इनको पकड़कर रैसलपुर स्थित मंडी में भेजा था, इस वर्ष अब तक ऐसी कोई मुहिम प्रारंभ नहीं हुई है।
आज ओवरब्रिज पर बड़ी संख्या में बैठे निराश्रित मवेशियों को हटाने कार से निकलकर वाहन चालकों ने अपने वाहन आगे बढ़ाये हैं। ये मवेशी थोड़ा आगे बढ़कर पुन: वापस आकर बैठ जाते हैं। ओवरब्रिज पर अंधेरा होने से रात के वक्त इनका बैठना खतरनाक साबित हो सकता है। प्रशासन को चाहिए कि इन मवेशियों की उचित व्यवस्था की जाए, जहां इनके खाने-पीने और उपचार का भी बंदोवस्त हो। इसके लिए गौसेवकों की मदद भी ली जाए।








