सिवनी मालवा। नगर के खंडेलवाल निवास पर बीते दिवस ‘हारे के सहारे’ बाबा श्याम का एक भव्य कीर्तन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पूरा माहौल खाटू नरेश की भक्ति में सराबोर हो गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाई। अलौकिक श्रृंगार और दिव्य दरबार आयोजन स्थल पर श्याम बाबा का दरबार फूलों से अत्यंत आकर्षक ढंग से सजाया गया था। बाबा श्याम का अलौकिक एवं अद्भुत श्रृंगार किया गया, जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत में बाबा के समक्ष ज्योत प्रज्वलित की गई। उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम एवं ज्योत के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। भजन गायक हार्दिक राठी ने बांधा समां कीर्तन में पधारे सुप्रसिद्ध भजन गायक हार्दिक राठी ने अपने मधुर मुखारविंद से एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और भाव-विभोर हो गए। ‘तीन बाण के धारी तीनों बाण चलाओ ना’ ‘दीनानाथ मेरी बात जानी कोनी तेरे से’ ‘आंखडली चुरा के जासी कडे मेरे से’ जैसे कर्णप्रिय भजनों ने देर रात तक भक्ति का सिलसिला बनाए रखा।
महाआरती और प्रसाद वितरण
भजनों के इस मनमोहक कार्यक्रम के समापन पर महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती के बाद, सभी उपस्थित भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। जेयेस खंडेलवाल के निवास पर आयोजित इस कीर्तन ने सिवनी मालवा के धार्मिक माहौल में एक नई ऊर्जा का संचार किया।









