सिवनी मालवा। नगर पालिका सभाकक्ष में संविधान दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया। समारोह में नपाध्यक्ष रितेश रिंकू जैन, नपा सीएमओ अमर सिंह उइके, पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी तथा नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भारत के संविधान की शपथ के साथ हुई, जिसमें सभी उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों ने एक स्वर में संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त की। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
नपाध्यक्ष रिंकू जैन ने अपने संबोधन में भारतीय संविधान की उत्पत्ति, उसकी विशेषताओं और देश की प्रगति में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की आत्मा है, जिसने भारत को एक मजबूत लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समानता और नागरिक अधिकारों के संरक्षण में संविधान के योगदान का उल्लेख किया। नपा सीएमओ अमर सिंह उइके ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संविधान को भारतीय लोकतंत्र की रीढ़ बताया।
उन्होंने कहा कि संविधान ने हर नागरिक को अधिकारों के साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाई है, और इसी संतुलन के कारण देश मजबूत दिशा में आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में भारत माता की जय और संविधान जयघोष के नारे लगातार गूंजते रहे, जिससे माहौल उत्साह और देशभक्ति से भर उठा। उपस्थित सभी लोगों ने संविधान पर आधारित एक प्रेरणादायक शॉर्ट मूवी भी देखी, जिसने संविधान की भावनाओं और उसके महत्व को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर पार्षद दुर्गेश उईके, किरण बाथव, भाजपा नेता तुलसीराम कुशवाहा, प्रवीण अवस्थी सहित नगर पालिका के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में आभार लेखपाल महेंद्र परिहार द्वारा व्यक्त किया गया।









