इटारसी। महर्षि एवं गुरु गोविंद सिंह बस्ती के तत्वावधान में रविवार को भव्य हिंदू सम्मेलन एवं विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ सूरजगंज चौराहा स्थित दुर्गा माता मंदिर से हुआ।
ढोल-नगाड़ों और ‘जय श्रीराम’ के जयघोष के साथ निकली शोभायात्रा में पुरुष सफेद वस्त्र और मातृशक्ति पीले वस्त्र धारण कर शामिल हुई। शोभायात्रा भरत मंदिर पहुंची, जहां प्रभु श्रीराम की महाआरती की गई। तत्पश्चात यात्रा सरला मंगल भवन पहुंची, जहां भारत माता पूजन एवं राष्ट्रगीत के साथ सम्मेलन का विधिवत आरंभ हुआ।
क्षेत्र प्रचारक कैलाशचंद्र ने कहा कि हिंदू समाज राष्ट्र की आत्मा है, जिसे जागृत और संगठित रहकर राष्ट्रहित में समर्पित रहना चाहिए। बच्चों ने श्री राम दरबार, रानी दुर्गावती एवं लक्ष्मीबाई की झांकियां प्रस्तुत कीं। मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान एवं समरसता भोज भी हुआ। बस्ती संयोजक कल्पेश अग्रवाल ने क्षेत्र प्रचारक को तलवार भेंट कर धर्म व संस्कृति की रक्षा का संकल्प दोहराया। इस दौरान सुनील पाठक, राजेश अग्रवाल, नारायण सोनी सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।









