बारह बंगला रेलवे इलेक्ट्रिक मेंटेनेंस ऑफिस की घटना, कर्मचारियों में मचा था हड़कंप
इटारसी। बारह बंगला स्थित रेलवे इलेक्ट्रिक मेंटेनेंस ऑफिस के स्टोर रूम में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां एक कबरबिज्जू दिखाई दिया। जंगली जीव के डर से कर्मचारी स्टोर रूम के भीतर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे।
स्टाफ में व्याप्त था डर
कार्यालय के ओएस नरेश राठौर ने बताया कि जब इलेक्ट्रिक स्टाफ कुछ जरूरी सामान निकालने के लिए स्टोर रूम में गया, तो वहां अचानक कबरबिज्जू पर नजर पड़ी। अंधेरे कमरे में जंगली जीव को देखकर स्टाफ घबरा गया और काम रुक गया। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग और सर्पमित्रों को दी गई।
सुरक्षित रेस्क्यू और पुनर्वास
सूचना मिलते ही वनपरिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा के निर्देशन में सर्पमित्र अभिजीत यादव, अभय चौरे, मोहित मेहरा और सचिन दुलारे की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद स्टोर रूम के कोने में छिपे हुए कबरबिज्जू को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू के पश्चात टीम ने उच्चाधिकारियों के निर्देश पर इस जीव को मानवीय बस्ती से दूर वनपरिक्षेत्र के सुरक्षित प्राकृतिक आवास में रिलीज कर दिया है। वन्य जीव के पकड़े जाने के बाद रेलवे स्टाफ ने राहत की सांस ली है।









