इटारसी। शहर में चाइनीज मांझे से लगातार हो रहे गंभीर हादसों को देखते हुए आज नायब तहसीलदार और पुलिस की संयुक्त टीम औचक निरीक्षण के लिए बाजार में उतरी। टीम ने शहर के विभिन्न पतंग विक्रेताओं और संदिग्ध ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया।
टीम दुकानों में रखे स्टॉक की बारीकी से जांच कर रही है ताकि प्रतिबंधित नायलॉन या चाइना डोर को बाजार से पूरी तरह खत्म किया जा सके। प्रशासन ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी है कि यदि किसी भी दुकान पर प्रतिबंधित मांझा मिला, तो न केवल जब्ती होगी बल्कि दुकान को तत्काल सील कर संचालक पर एफआईआर भी दर्ज की जाएगी। अधिकारियों ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस जानलेवा धागे का उपयोग न करें और अवैध बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
चाइनीज मांझे से हादसा होते ही पहुंची पुलिस

शहर के ओवरब्रिज पर आज उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक युवक का गला कटने की घटना सामने आई। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
घटना के बाद पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए ओवरब्रिज और आसपास के क्षेत्रों में सर्चिंग की। इस दौरान ब्रिज के पास पतंग उड़ा रहे लोगों को पुलिस ने सख्त लहजे में समझाइश दी और तुरंत पतंगबाजी बंद करवाई। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ओवरब्रिज जैसे व्यस्त रास्तों पर पतंगबाजी न केवल प्रतिबंधित है, बल्कि राहगीरों के लिए जानलेवा भी है। प्रशासन अब मांझा बेचने वालों के साथ-साथ असुरक्षित स्थानों पर पतंग उड़ाने वालों पर भी नजर रख रहा है।









