इटारसी। शासकीय हाई स्कूल साकेत में शनिवार को वार्षिक उत्सव का गरिमामय आयोजन में मुख्य अतिथि सांसद दर्शन सिंह चौधरी और विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा उपस्थित रहे। अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने की। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं।
बच्चों के टैलेंट को देखकर सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के शासकीय स्कूल में इतना भव्य और व्यवस्थित आयोजन पहली बार देखने को मिला है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में ग्रामीणों के सहयोग की सराहना की।
विकास के लिए विधायक की सौगात
विद्यार्थियों के प्रदर्शन से प्रभावित होकर विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने विद्यालय की बुनियादी सुविधाओं के विस्तार हेतु कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं जिनमें विद्यालय भवन में नए कक्षाओं का निर्माण, छात्र-छात्राओं के लिए साइकिल स्टैंड का निर्माण, स्कूल मंच के ऊपर टीन शेड की व्यवस्था, आधुनिक शिक्षा के लिए प्रोजेक्टर उपलब्ध कराना और माध्यमिक शाला भवन की मरम्मत और खेल मैदान का समतलीकरण शामिल हैं।
उपलब्धियों का ब्यौरा
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सीमा राय ने वार्षिक प्रतिवेदन पढ़ा और पिछले वर्ष की उपलब्धियों के बारे में अतिथियों को अवगत कराया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक चंद्र मोहन गौर, छात्रा अंजलि चौरे और तमन्ना चौरे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शिक्षक जितेंद्र शर्मा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कुशल पटेल, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गोकुल पटेल, जनपद सदस्य वंदना सगोरिया, सरपंच मृदुलता पटेल, विधायक प्रतिनिधि घनश्याम पटेल, कुलदीप पटेल, उपसरपंच चिमनलाल पटेल सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, ग्राम पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।









