इटारसी। ‘क्रांतिकारी किसान मजदूर संगठन’ के तत्वावधान में निकाली जा रही ‘किसान जागृति यात्रा’ के इटारसी आगमन पर आगामी 18 फरवरी बुधवार को एक विशाल आमसभा का आयोजन किया जाएगा। यह सभा जयस्तम्भ चौक पर सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
संयुक्त किसान मोर्चा की यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकाली जा रही है। यात्रा का उद्देश्य किसानों की मांगों के प्रति जागरूकता फैलाना है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संयोजक सरदार जगजीत सिंह डल्लेवाल पंजाब, सह-संयोजक शांताकुमार कर्नाटक, पीआर पाण्डियन तमिलनाडु, अभिमन्यु कुहाड़ हरियाणा, इंद्रजीत पन्नीवाला राजस्थान, और नितिन वाल्यान उत्तर प्रदेश जैसे प्रमुख किसान नेता संबोधित करेंगे।
प्रमुख मांगें जिन पर होगी चर्चा
आमसभा में सरकार के सामने 11 सूत्रीय मांगें रखी जाएंगी, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं सभी फसलों पर एम एस पी गारंटी कानून बनाना, किसानों की पूर्ण कर्ज माफी, भूमि अधिग्रहण कानून 2013 को पुन: लागू करना, गेहूं की खरीदी 2700 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से करना, फसल बीमा और बकाया मुआवजा राशि का शीघ्र भुगतान।
संगठन के अनुसार, इस देशव्यापी यात्रा का समापन 19 मार्च को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रधानमंत्री को मांग पत्र सौंपकर किया जाएगा। स्थानीय आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।









