इटारसी। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि फायर ब्रिगेड ने समय रहते मौके पर पहुँचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, उक्त मकान में रहने वाले पिता और पुत्र मयंक गालर दोनों की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने घर के अंदर भारी मात्रा में लकडिय़ां और कबाड़ जमा कर रखा था, जिसके कारण आग तेजी से फैली। डायल 112 पर सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। मोहल्ले वालों की सजगता से दमकल विभाग को समय पर जानकारी मिल गई थी। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, इस आगजनी में करीब 8 से 10 हजार रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया है।
थाना पुलिस के अनुसार, फिलहाल इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि यह परिवार मूलत: ग्राम चांदौन का रहने वाला है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यहां पहले भी छोटी-मोटी घटनाएं होती रही हैं, क्योंकि मकान में रहने वाले दोनों सदस्य अस्वस्थ हैं।









