इटारसी। स्वर कोकिला, भारत रत्न लता मंगेशकर की पुण्यतिथि के अवसर पर इटारसी के जयस्तंभ चौक पर एक भव्य संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। स्वरांजलि नाम के इस कार्यक्रम में शहर की जानी-मानी गायिका कु. राशि खाड़े अपनी सुरीली आवाज से लता जी के अमर गीतों को जीवंत करेंगी।
6 फरवरी को गूंजेंगे लता जी के गीत
यह कार्यक्रम आगामी 6 फरवरी 2026, शुक्रवार को शाम 7 बजे से जयस्तंभ चौक पर शुरू होगा। गायिका राशि खाड़े ने बताया कि यह आयोजन लता दीदी की विरासत को नमन करने का एक प्रयास है। आयोजन समिति ने विशेष रूप से महिलाओं के बैठने के लिए अलग और सुरक्षित व्यवस्था की है, ताकि वे परिवार सहित संगीत का आनंद ले सकें।
वरिष्ठ जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
इस सांस्कृतिक संध्या में क्षेत्र के कई दिग्गज शिरकत करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा उपस्थित रहेंगे। साथ ही सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नरोलिया, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, जनपद अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे और क्षत्रिय लोणारी कुनबी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु राणे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
आयोजन समिति और गायिका राशि खाड़े ने समस्त नगरवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस गौरवमयी शाम का हिस्सा बनें और संगीत की देवी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करें।









