- लौह पुरुष की 150वीं जयंती पर ‘सरदार सबके सरदार—आपके द्वार’ संकल्प के साथ पहुंची यात्रा
इटारसी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के पावन अवसर पर निकाली जा रही ‘सरदार एकता यात्रा’ मंगलवार को नर्मदापुरम जिले के इटारसी पहुंची। सरदार सबके सरदार — आपके द्वार के संकल्प के साथ निकली इस यात्रा का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को एकता के सूत्र में पिरोना और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना है।
पथरोटा से जयस्तंभ चौक तक अभिनंदन
यात्रा की शुरुआत मंगलवार दोपहर 3 बजे पथरोटा के पुराने स्कूल के पास भव्य स्वागत के साथ हुई। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे पुरानी इटारसी स्थित सुदामा मैरिज हॉल के समीप समाजजन यात्रा के अभिनंदन के लिए एकत्रित हुए। शाम 5 बजे इटारसी के प्रमुख जयस्तंभ चौक पर चौरिया कुर्मी समाज महासंघ ने यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान पूरे मार्ग पर पुष्प वर्षा की गई और देशभक्ति के नारों से माहौल गुंजायमान हो उठा।
सामाजिक एकजुटता पर जोर
गुजरात से शुरू होकर मालवा-निमाड़ के झाबुआ, रतलाम और मंदसौर जैसे जिलों से होते हुए पहुंची इस यात्रा का मुख्य ध्येय समाज की विभाजित शक्तियों को संगठित करना और युवाओं में शिक्षा व स्वाभिमान के प्रति अलख जगाना है। नवीन पटेल ने यात्रा पर पुष्प वर्षा कर एकता और सामाजिक समरसता का संदेश प्रसारित किया।
कार्यक्रम में बाबू विजय चौधरी, कुलदीप रावत, शिवकिशोर रावत, नवीन पटेल, बलराम पटेल, बृजमोहन चौधरी, नवल पटेल, कुशल पटेल, चंदगोपाल मलैया सहित समाज के दर्जनों सदस्य मौजूद रहे। इटारसी में जनसंपर्क और सामाजिक संवाद के बाद यह यात्रा अब अगले पड़ाव की ओर प्रस्थान करेगी, जहां गांव-गांव पहुंचकर लोगों को देश की एकता और अखंडता का संकल्प दिलाया जाएगा।









