इटारसी। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर बुधवार सुबह आरपीएफ जवानों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। मुंबई-हावड़ा मेल से उतरने के प्रयास में एक महिला यात्री की जान जोखिम में आ गई थी, जिसे ड्यूटी पर तैनात जवानों ने अपनी सूझबूझ से सुरक्षित बचा लिया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
18 फरवरी, बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे मुंबई-हावड़ा मेल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर पहुंची। ट्रेन के चलने के दौरान स्लीपर कोच के गेट पर खड़ी एक महिला यात्री घबराकर चिल्लाने लगी और चलती ट्रेन से ही उतरने का प्रयास करने लगी। महिला को असंतुलित होकर गिरते देख वहां तैनात आरपीएफ जवान हरप्रताप परमार और बलराम यादव ने तत्परता दिखाई।
मौत के मुंह से खींच लाए जवान
दोनों जवानों ने फुर्ती से दौड़कर महिला का हाथ पकड़ा और उसे सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर उतार लिया। यदि समय रहते आरपीएफ जवान सहारा नहीं देते, तो महिला ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस सकती थी, जिससे उसकी जान भी जा सकती थी।
गलत ट्रेन में बैठने के कारण लिया जोखिम
आरपीएफ द्वारा पूछताछ करने पर महिला ने अपना नाम ममता 40 वर्ष, पिता योगेंद्र दास बताया। महिला ने स्वीकार किया कि उसे छपरा जाना था, लेकिन गलती से वह मुंबई-हावड़ा मेल में बैठ गई थी। अपनी गलती का एहसास होने पर उसने घबराहट में चलती ट्रेन से उतरने का आत्मघाती फैसला ले लिया था।
सोशल मीडिया पर मिल रही प्रशंसा
घटना का 35 सेकंड का वीडियो इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है। नागरिक आरपीएफ जवानों के इस साहसिक कार्य की सराहना कर रहे हैं और उन्हें सच्चा रक्षक बता रहे हैं। रेलवे प्रशासन ने भी यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन में चढऩे या उतरने का जोखिम कतई न उठाएं।









