- भारतीय किसान यूनियन ने बढ़ाया मदद का हाथ, पीडि़त किसान को सौंपी 12 हजार की आर्थिक सहायता
सिवनी मालवा/चौतलाय। क्षेत्र के ग्राम चौतलाय में बिजली विभाग की लापरवाही एक किसान पर भारी पड़ गई। खेत के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों में हुई भीषण स्पार्किंग (शॉर्ट सर्किट) के कारण किसान संतोष लौवंशी के खेत में खड़ी गेहूं की सुनहरी फसल देखते ही देखते राख के ढेर में तब्दील हो गई। इस आगजनी में किसान की करीब 2 एकड़ की पूरी फसल जल गई है, जिससे परिवार के सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
भाकियू ने पेश की मानवता की मिसाल
घटना की सूचना मिलते ही भारतीय किसान यूनियन (भाकियू), मध्य प्रदेश के पदाधिकारियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए आपस में धनराशि एकत्रित की। यूनियन के सदस्यों ने पीडि़त किसान संतोष लौवंशी के घर पहुंचकर उन्हें 12,000 रुपये की नकद सहायता राशि प्रदान की, ताकि उन्हें तात्कालिक राहत मिल सके।
इस कार्य में भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष पटवारे, संभागीय अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष संतोष वर्मा, जिला अध्यक्ष राजेश जाट, जिला संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह राजपूत, जिला सहमंत्री राजनारायण रघुवंशी, डोलरिया तहसील उपाध्यक्ष सुभाष गौर, भानुप्रताप रधुवंशी, कमलेश राजपूत, तहसील अध्यक्ष शिवपुर रामेश्वर सेठ, गजानंद पटैल और रामजी राजस्थान ने सक्रिय भूमिका निभाई।
ग्रामीणों ने भी दिया सहयोग
यूनियन के अलावा ग्राम चौतलाय के सरपंच रामजीवन साध, सियावर जी एवं अन्य कृषक साथियों ने भी पीडि़त किसान से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अपनी ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
विशेष नोट : किसान ध्यान दें
- गर्मियों के मौसम में गेहूं की सूखी फसल में आग लगने का खतरा बढ़ जाता है। अक्सर बिजली के ढीले तारों के आपस में टकराने या स्पार्किंग होने से ऐसी घटनाएं होती हैं।
- क्या करें : यदि आपके खेत के ऊपर से गुजर रहे तार ढीले हैं, तो तत्काल 1912 या स्थानीय बिजली ऑफिस में लिखित शिकायत देकर उन्हें कसवाएं।
- सावधानी : फसल के पास बीड़ी-सिगरेट या सूखी झाडिय़ों में आग न जलाएं।









