नागपुर-भोपाल फोरलेन के पास हुआ हादसा, पुलिस ने दर्ज किया मामला
इटारसी। शहर के समीप नागपुर-भोपाल फोरलेन के नीचे सर्विस रोड पांजरा से इटारसी आने वाले मार्ग पर एक सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। एक अनियंत्रित बोलेरो वाहन के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल सवारों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 3 फरवरी की सुबह लगभग 4:03 बजे की है। जबकि इसकी शिकायत 1 मार्च को दर्ज करायी गयी है। फरियादी विनोद राजपूत 45 वर्ष, निवासी बैंक ऑफ बड़ौदा के पास, फौजदार कॉलोनी, रसूलिया नर्मदापुरम, अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे। उनके साथ बाइक पर कला बाई और संजय यादव भी सवार थे।
जैसे ही वे फोरलेन के नीचे पांजरा-इटारसी रोड पर पहुंचे, बोलेरो क्रमांक एमपी 05 जेडसी 4795 के चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विनोद राजपूत, कला बाई और संजय यादव तीनों को शारीरिक चोटें आई हैं। घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस अब बोलेरो चालक की तलाश और दुर्घटना के विस्तृत कारणों की जांच में जुटी है। हादसे के बाद फरियादी विनोद की रिपोर्ट पर इटारसी पुलिस ने मामला दर्ज किया है।






