फरीदाबाद में आआप प्रत्याशी ने छोड़ा मैदान, भाजपा को दिया समर्थन

Post by: Rohit Nage

AAP candidate left the field in Faridabad, supported BJP

फरीदाबाद, 29 सितंबर (हि.स.)। विधानसभा चुनाव में शनिवार रात स्थानीय स्तर पर बड़ी राजनीतिक हलचल हुई, जब फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (आआपा) के प्रत्याशी प्रवेश मेहता ने मैदान छाेड़कर भाजपा प्रत्याशी विपुल गोयल को समर्थन दे दिया। उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर की उपस्थिति में ओल्ड फरीदाबाद की अनाज मंडी में मुकेश शास्त्री व पंकज शास्त्री के कार्यक्रम में खुद को चुनावी मैदान से अलग हाेने का ऐलान कर दिया। राजनीतिक दृष्टि से इसे विपुल गोयल की बड़ी जीत मानी जा रही है। प्रवेश मेहता इस विधानसभा क्षेत्र में बड़ा पंजाबी चेहरा हैं और नगर निगम के पूर्व पार्षद रहे हैं, उनकी धर्मपत्नी भी एक बार पार्षद बनीं।

वर्ष 2009 में परिसीमन के बाद फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र अस्तित्व में आई थी, तब भाजपा के टिकट पर प्रवेश मेहता ही चुनाव मैदान में थे और उन्हें 22,903 वोट मिले थे और वे दूसरे स्थान पर रहे थे। वर्ष 2014 में जब उन्हें भाजपा का टिकट नहीं मिला था, तब भाजपा से अलग हो गए थे और इस चुनाव में इनेलो के टिकट पर उतर कर 12 हजार से अधिक वोट लिए थे। दो साल पहले मेहता आआपा में शामिल हो गए थे। आआप ने अब उन्हें टिकट भी थमाया, पिछले कई दिनों से सक्रिय रूप से प्रचार भी कर रहे थे, पर शनिवार देर शाम को अप्रत्याशित घटनाक्रम में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी विपुल गोयल को समर्थन दे दिया।

आआपा की दिल्ली व पंजाब में सरकार है, उस पार्टी के प्रत्याशी का यूं बीच चुनाव प्रचार में मैदान छोड़ना पार्टी के लिए बड़ा झटका है। प्रवेश मेहता ने गले में भाजपा का पटका डाल कर विपुल गोयल के समर्थन में वोट भी मांगे। उन्होंने कहा कि हमारा साथ और विश्वास उनके साथ है। क्षेत्र के विकास और उन्नति के लिए हमने विपुल गोयल के नेतृत्व में भाजपा का दामन थामा है। चुनाव मैदान छोड़ने के बाद भी प्रवेश मेहता का नाम ईवीएम पर अंकित रहेगा।

error: Content is protected !!