इटारसी। आपसी सद्भावना और सौहार्द को बढ़ाने शहर के मिनी गांधी स्टेडियम (Mini Gandhi Stadium) में 17 दिसंबर से 28 दिसंबर तक टेनिस बाल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन होने जा रहा है। जिला सर्व ब्राह्मण समाज एवं आचार्य चाणक्य सद्भाव समिति (District Sarva Brahmin Samaj and Acharya Chanakya Sadbhav Samiti) यह टूर्नामेंट कराएगा।
पत्रकार भवन में आयोजित बैठक में प्रतिस्पर्धा के सूत्रधार सर्वब्राह्मण समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष जितेन्द्र ओझा, सर्वधर्म सद्भाव के जिला अध्यक्ष सुनील पाठक एवं कुलभूषण मिश्रा (अध्यक्ष आयोजन समिति) ने बताया कि जिला सर्व ब्राह्मण समाज का सदैव उद्देश्य नेकी का रहा है।
इस उद्देश्य की प्राप्ति में सभी समाजों का सहयोग अपेक्षित है। अपनी तरह के इस अनूठे आयोजन में शहर के 25 समाजों की टीमें आपसी भाई चारे और आपसी सामंजस्य के साथ खेल भावना का प्रदर्शन करेंगी। आयोजित क्रिकेट की यह प्रतिस्पर्धा 28 दिसंबर तक चलेगी।
प्रतिस्पर्धा के सूत्रधार जितेन्द्र ओझा ने बताया कि देशभर में ऐसी एकता की मिसाल दूसरी नहीं हो सकती जो शहर में भाइचारे की देखने को मिलेगी। देश के किसी भी हिस्से में किसी भी प्रकार की हलचल या अराजकता हो पर हमारे शहर में हमेशा हम एक हैं। सदैव भाईचारे के संदेश को ही प्रसारित करते हैं। इस प्रगाढ़ता को बढ़ाने इसी उद्देश्य को लेकर इस टूर्नामेंट के आयोजन की नींव रखी गई है।
टूर्नामेंट प्रबंधन समिति के कूलभूषण मिश्रा, राकेश दुबे के अनुसार इस बार का आयोजन अधिक भव्यता के साथ किया जाएगा। निर्धारित तिथि 20 नवंबर तक एंट्री फीस ली जाएगी। टीमों की संख्या को सीमित रखा गया है। टूर्नामेंट की विजेता टीम को ट्राफी के साथ 31 हजार रुपये की नगद राशि, उपविजेता टीम को ट्राफी और 15 हजार रुपये नगद उपहार दिया जाएगा।
आयोजन समिति ने बताया कि इस आयोजन का एकमात्र उद्देश्य खेल के माध्यम से शहर के विभिन्न समाजों में एकता की अलख जगाना है, ताकि समाज की प्रतिभाएं आगे आ सकें। बैठक में शंकर गेलानी, दिनेश उपाध्याय, प्रकाश दुबे, जयराज सिंग भानू, धर्मेन्द्र रणसूरमा, जितेन्द्र राजपूत सहित सभी टीमों के कप्तान एवं आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।









