इटारसी। पार्षद एवं सभापति अमृता मनीष सिंह ठाकुर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद इटारसी को एक पत्र देकर बाहर से आए व्यापारियों की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसे कई लोग फुटपाथ पर दुकान लगाते हैं, जिनकी यहां कोई पहचान नहीं होती है, इनकी जांच होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से, हमारे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फुटपाथ पर दुकान लगाने बाले की संख्या बढ़ती जा रही है। यह दुकान लगाने वाले कौन हैं, कहां से आए हैं, उनकी क्या आइडेंटिटी है, इनका पता लगाना जरूरी है। इन दुकानों के कारण राहगीरों को चलने में अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर व्यस्त समय में, फुटपाथ पूरी तरह से अवरुद्ध हो जाते हैं, जिससे लोगों को सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
इसके अतिरिक्त, इन दुकानों के आसपास अक्सर गंदगी फैली रहती है, जो शहर की स्वच्छता को भी प्रभावित करती है। श्रीमती ठाकुर ने सीएम से निवेदन किया है कि इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेते हुए फुटपाथ पर अवैध रूप से दुकान लगाने वालों की जांच कराएं और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करें। फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराना आम नागरिकों के हित में अत्यंत आवश्यक है।









