इटारसी। शहर के वेंकटेश नगर और नरेंद्र नगर में पिछले 15 दिनों से जारी जल संकट का समाधान निकल आया है। जिस गंभीर समस्या को लेकर आज नगर पालिका का घेराव और बड़ा आंदोलन होना था, वह जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौके पर मौजूदगी के बाद सुलझ गई। कांग्रेस सेवा दल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानन तिवारी की सक्रियता और नपा अध्यक्ष पंकज चौरे की मौजूदगी में नई पाइपलाइन और बोरवेल खनन पर सहमति बनी।
वार्ड नंबर 33 की पार्षद राजेश्वरी धूरिया के अनुसार, बोरवेल की केसिंग टूटने के कारण घरों में गंदा पानी आ रहा था, जिससे जलापूर्ति ठप हो गई थी। स्थानीय निवासी नीतू बाई, आरती यादव और नीति यादव ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि 15 दिनों से वे पानी के लिए तरस रहे थे। टैंकर तो कॉलोनी में आ रहे थे, लेकिन गलियों के भीतर नहीं पहुंच पा रहे थे, जिससे बुजुर्गों को पानी भरने में भारी परेशानी हो रही थी।
समस्या को लेकर कल बड़ी संख्या में रहवासी गजानन तिवारी के निवास पहुंचे थे। तिवारी ने तत्काल अधिकारियों से चर्चा की और आज सुबह जब वे वार्डवासियों के साथ नगर पालिका घेराव के लिए निकलने वाले थे, तभी उन्होंने स्थल निरीक्षण का निर्णय लिया। उनके निवेदन पर नपा अध्यक्ष पंकज चौरे और जल विभाग के अधिकारी रविंद्र जोशी भी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए।

ये निकला समाधान
पास की अन्य लाइनों और ट्यूबवेलों को पुराने नेटवर्क से जोड़कर तत्काल सप्लाई शुरू की जाएगी। विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने विधायक निधि से नए ट्यूबवेल के आदेश दिए हैं, जिसका काम जल्द शुरू होगा। अब टैंकर चालकों ने गलियों के भीतर जाकर बुजुर्गों के दरवाजे तक पानी पहुंचाना शुरू किया। समस्या का निराकरण होने पर वार्डवासियों ने राहत की सांस ली। इस दौरान अमित गुप्ता, संजय धर, नेहा चावरे, आशीष परदेशी, पार्षद प्रतिनिधि रमेश धूरिया सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। गजानन तिवारी ने त्वरित कार्रवाई के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।









