इटारसी। शहर के अवाम नगर क्षेत्र में रविवार देर रात करीब 1:30 बजे एक सूने मकान में चोरी का प्रयास किया गया। हालांकि, सामने रहने वाले पड़ोसी के जाग जाने के कारण दो अज्ञात चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए और उन्हें मौके से भागना पड़ा। यह घटना रात डेढ़ से दो बजे के आसपास की बताई जा रही है।
ताला तोड़कर घुसे थे चोर
चोरी की घटना के पीडि़त अमित साहू ने बताया कि वह रविवार को अपने परिवार के साथ लोहारिया ग्राम गए हुए थे। इसी दौरान, दो अज्ञात चोरों ने उनके आवास का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे। सामने के मकान में रहने वाले कल्लू खान ने आवाज सुनकर तुरंत बाहर आकर देखा, जिसके बाद चोर भाग खड़े हुए। घटना के बाद अन्य लोग भी बाहर आए और उन्होंने अज्ञात चोरों की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
पीडि़त अमित साहू को जब चोरी के प्रयास की जानकारी दी गई, तो वह तुरंत अपने परिवार के साथ घर वापस लौट आए। यह पूरी घटना सामने वाले मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को चोरों की पहचान करने में मदद मिल सकती है।
पुलिस को दिया आवेदन
घटना की सूचना मिलने पर, देर रात पुलिस टीम भी अवाम नगर पहुंची थी और उन्होंने मौका मुआयना किया। पीडि़त अमित साहू ने इस संबंध में सिटी थाने में लिखित आवेदन दिया है। वहीं, अवाम नगर के अलावा साईं नाथ बकरी के पास भी चोरी होने की अपुष्ट जानकारी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है।








