इटारसी। शहर के नया यार्ड स्थित मस्जिद हुदा में शुक्रवार को 23वें रोजे के अवसर पर भव्य रोजा इफ्तार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पूरी तरह से कौमी एकता और आपसी भाईचारे के रंग में रंगा नजर आया, जहां विभिन्न समुदायों के लोगों ने एक साथ बैठकर इफ्तार किया।
कड़कती धूप में इबादत का जज्बा
इस अवसर पर विशेष रूप से शामिल हुए नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने रोजेदारों से मुलाकात की। उन्होंने भीषण गर्मी और कड़कती धूप के बावजूद रोजा रखने के कठिन अनुशासन और जज्बे की सराहना की। श्री गोस्वामी ने सभी मुस्लिम भाइयों को गले मिलकर ईद की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।
भाईचारे को बढ़ावा देने की पहल
कार्यक्रम के आयोजक पंच शेख फारुख ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी प्रेम और सद्भाव को मजबूत करना है। उन्होंने कहा, हमारे इस कार्यक्रम में मुस्लिम के साथ हिंदूओं की उपस्थिति हमारे देश की साझा संस्कृति और एकता का जीवंत उदाहरण है।
रोजा इफ्तार में मुस्लिम समाज के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में अमीन अंसारी, शेख यूनुस, जाकिर अली, हनीफ खान, अरबाज खान, इमरान मिर्जा, नदीम खान, शाहरुख खान, नरेंद्र वर्मा, जितेंद्र नागराज, राजेंद्र गोस्वामी, चंदू दुबे, सोनू बकोरिया, मुकेश यादव, राम शंकर सोनकर, मनीष सोनी, अर्जुन कुचबंदिया, दीपक गोहिया और गुल्लू कनोजिया मौजूद रहे।









