इटारसी। समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी सेवा एक पहल चैरिटेबल ट्रस्ट ने एक बार फिर संवेदनशीलता का परिचय दिया है। ट्रस्ट द्वारा स्थानीय शांति धाम (श्मशान घाट) में जरूरतमंद परिवारों की सहायता हेतु अंत्येष्टि सामग्री दान की गई।
जरूरतमंदों को मिलेगा सहारा
अक्सर देखा जाता है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अंतिम संस्कार के समय सामग्री जुटाने में कठिनाई होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट ने अंत्येष्टि में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री जैसे घी, शक्कर, राल और कपूर उपलब्ध कराई है। ट्रस्ट का उद्देश्य है कि किसी भी निर्धन व्यक्ति का अंतिम संस्कार संसाधनों के अभाव में न रुके।
समिति ने व्यक्त किया आभार
ट्रस्ट के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए शांति धाम श्मशान घाट के कार्यकारी सदस्य प्रमोद पगारे ने सेवा एक पहल चैरिटेबल ट्रस्ट परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों और संस्थाओं के ऐसे सहयोग से ही सामाजिक सरोकारों को मजबूती मिलती है। इस अवसर पर ट्रस्ट के सदस्य उपस्थित रहे।









