केसला। इटारसी-बैतूल नेशनल हाईवे पर स्थित केसला थाना क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। बिरसा मुंडा कॉलेज के सामने एक अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सामने जा रहे दंपत्ति को जोरदार टक्कर मार दी।
पिपरिया निवासी दंपत्ति हुए घायल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे पिपरिया के इंदिरा गांधी वार्ड निवासी नरवर सिंह खुरवंशी 45 वर्ष अपनी पत्नी संगीता खुरवंशी 38 वर्ष के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। जैसे ही वे सुखतवा स्थित बिरसा मुंडा कॉलेज के सामने पहुंचे, पीछे से आ रहे एक अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी।
तेजी और लापरवाही बनी हादसे का कारण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात बाइक चालक अपने वाहन को अत्यंत तेजी और लापरवाही से चला रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दंपत्ति सड़क पर गिर पड़े, जिससे उन्हें चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। केसला पुलिस ने फरियादी नरवर सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की नई धाराओं के तहत कार्रवाई की है।








