- जिला शिक्षा केन्द्र की टीम ने निरीक्षण कर शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन
इटारसी। शासकीय प्रायमरी स्कूल नई गरीबी लाइन का आज जिला शिक्षा केंद्र की टीम ने ओझा बस्ती के समीप स्थित भवन का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण न्यास कॉलोनी की पार्षद श्रीमती अमृता मनीष ठाकुर के विशेष आग्रह पर हुआ। पार्षद ठाकुर ने विद्यालय की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला परियोजना समन्वयक राजेश जायसवाल से चर्चा की गई थी।
विद्यालय की बाउंड्री वॉल की ऊंचाई अत्यंत कम है, जिसके कारण रात्रि के समय असामाजिक तत्व परिसर में प्रवेश कर जाते हैं। साथ ही, बच्चों की संख्या बढऩे के बावजूद कक्षों की संख्या सीमित है, जिससे पठन-पाठन व्यवस्था बाधित हो रही है। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा केंद्र से इंजीनियर दीपक वर्मा एवं सलामत खान ने मौके पर पहुंचकर विद्यालय की भौतिक स्थितियों का अवलोकन किया। दोनों इंजीनियरों ने समस्याओं की गंभीरता को समझते हुए शीघ्र शासन को प्रस्ताव भेजने और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती आशा पटेल एवं सामाजिक कार्यकर्ता मनीष ठाकुर भी उपस्थित रहे। श्री ठाकुर ने विद्यालय की वर्तमान स्थिति और बच्चों की आवश्यकता को विस्तार से टीम के समक्ष प्रस्तुत किया। सामाजिक कार्यकर्ता मनीष ठाकुर ने बताया कि उक्त समस्याओं से नर्मदापुरम के विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा को भी अवगत कराया है। विधायक ने शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया है।








