इटारसी। समीपस्थ ग्राम हिरनखेड़ा के शासकीय माखनलाल चतुर्वेदी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में रविवार तड़के अज्ञात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। अराजक तत्वों ने न केवल स्कूल के ताले तोड़कर भीतर प्रवेश किया, बल्कि कार्यालय और रिकॉर्ड रूम में तोडफ़ोड़ कर आग लगा दी। इस घटना में स्कूल के महत्वपूर्ण दस्तावेज और फर्नीचर जलकर खाक हो गए, जिससे पूरे क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है।
तड़के 4 बजे दिया घटना को अंजाम
जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार सुबह करीब 4 बजे की है। ग्रामीणों ने बताया कि अज्ञात उपद्रवियों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और स्कूल के मुख्य कार्यालय एवं रिकॉर्ड रूम को निशाना बनाया। जब आसपास के लोगों ने स्कूल परिसर से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं, तब घटना का खुलासा हुआ। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक स्कूल की महत्वपूर्ण फाइलें, शैक्षणिक रिकॉर्ड, टेबल-कुर्सियां और अन्य शासकीय सामग्री जलकर स्वाहा हो चुकी थी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह करीब 9:30 बजे धर्मकुंडी-इटारसी मार्ग पर हिरनखेड़ा में चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्कूल परिसर में प्रकाश की उचित व्यवस्था न होने के कारण यहां रात के समय गहरा अंधेरा रहता है, जिसका लाभ उठाकर असामाजिक तत्व ऐसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से निम्नलिखित मांगें रखीं कि दोषियों की शीघ्र पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, स्कूल परिसर में पर्याप्त प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
पुलिस और प्रशासन का आश्वासन
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम खोला गया। थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया है और पुलिस साक्ष्य जुटाकर अज्ञात तत्वों की तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।









