इटारसी। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से नर्मदा महाविद्यालय में आयोजित “राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव 2025” नर्मदारंगम् के पहले दिन ग्रीन प्वाइंट मॉन्टेसरी एंड स्कूल, इटारसी के बाल कलाकारों ने अपनी अभिनय कला से समां बांध दिया।
अभिनय ने जीता दिल
संदीप राजवंशी के निर्देशन और परिकल्पना में तैयार लघु नाटक ‘अष्टावक्र’ की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नाटक में अन्वी उदयवाल ने अष्टावक्र के मुख्य किरदार को जीवंत किया, वहीं स्तुति मुनोत ने सुजाता की भूमिका में अपनी करुणामय अदाकारी से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। बंदी के रूप में शारण्या वर्मा के अभिनय की भी विशेष सराहना की गई।
मंच के पीछे के कलाकार
नाटक की सफलता में मीनू नायर (रूप सज्जा), चेतना नागा (प्रकाश एवं संगीत संयोजन) और संदीप राजवंशी (मंच सज्जा) का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मंच पर अन्य विभिन्न किरदारों में दक्षिता गोठी, पार्थ गोरे, कृतिका जैन, लावण्या गौर, अथर्व दुबे, हर्षित राजवंशी और रोहित साबरे ने शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. हंसा व्यास और सुप्रसिद्ध रंगकर्मी कमलेश सक्सेना विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति के संस्थापक रत्नेश साहू का आभार व्यक्त किया गया। स्कूल के नन्हे कलाकारों की इस राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि पर शिक्षा जगत और अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त किया है।









