इटारसी। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए मध्य प्रदेश सरकार ने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की तैयारियां तेज कर दी हैं। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने घोषणा की है कि किसान अपनी फसल बेचने के लिए 7 फरवरी से 7 मार्च 2026 तक पंजीयन करा सकेंगे। इस बार भारत सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपए अधिक है।
कहां और कैसे कराएं पंजीयन?
- नि:शुल्क पंजीयन : ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत कार्यालयों में।
- तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्रों पर।
- सहकारी समितियों एवं विपणन संस्थाओं के केंद्रों पर।
- सशुल्क पंजीयन : एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र और साइबर कैफे पर।
- इन केंद्रों पर पंजीयन के लिए 50 रुपए से अधिक शुल्क नहीं लिया जा सकेगा।
जरूरी दस्तावेज और आधार लिंक अनिवार्य
पंजीयन के लिए किसान के पास भूमि संबंधी दस्तावेज (खसरा-खतौनी), आधार कार्ड और बैंक पासबुक होना अनिवार्य है।
नाम का मिलान : भू-अभिलेख और आधार कार्ड में दर्ज नाम एक जैसा होना चाहिए। यदि नाम अलग है, तो तहसील कार्यालय से सत्यापन कराना होगा।
बैंक खाता : भुगतान प्राथमिकता के आधार पर आधार लिंक बैंक खाते में ही किया जाएगा।
अक्रियाशील, संयुक्त खाते और फिनो, एयरटेल या पेटीएम जैसे बैंक खाते मान्य नहीं होंगे।
बटाईदारों के लिए विशेष व्यवस्था
सिकमी, बटाईदार, कोटवार और वन पट्टाधारी किसानों के लिए पंजीयन की सुविधा केवल सहकारी समितियों और सहकारी विपणन संस्थाओं के केंद्रों पर ही उपलब्ध होगी। राजस्व विभाग द्वारा इनका शत-प्रतिशत सत्यापन किया जाएगा।
ओटीपी या बायोमेट्रिक से होगा वेरिफिकेशन
पंजीयन के समय आधार नंबर का वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा। यह वेरिफिकेशन आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी के माध्यम से या बायोमेट्रिक डिवाइस (अंगूठा लगाकर) किया जा सकेगा। इसलिए किसान समय रहते अपना मोबाइल नंबर आधार से लिंक करा लें।
महत्वपूर्ण टिप : सरकार पंजीयन के दौरान ही किसान के खाते में 1 रुपए का ट्रांजेक्शन करके बैंक खाते की सत्यता की जांच करेगी।
प्रचार-प्रसार के निर्देश
सभी कलेक्टरों को निर्देश हैं कि गांवों में मुनादी, ग्राम पंचायत के सूचना पटल और मंडियों में बैनर लगाकर किसानों को सूचित किया जाए। जिन किसानों के नंबर विभाग के पास पहले से दर्ज हैं, उन्हें एसएमएस के जरिए भी जानकारी भेजी जाएगी।









