इटारसी। नगर की न्यास कॉलोनी क्षेत्र में संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का भक्तिमय वातावरण में शुभारंभ हुआ। आयोजन के प्रथम दिन बाल विदुषी साध्वी राधा देवी एवं महामंडलेश्वर भैयादास महाराज का नगर आगमन हुआ, जिनका स्थानीय श्रद्धालुओं और आयोजन समिति ने आत्मीय स्वागत किया।
पार्षद एवं वार्ड वासियों ने किया अभिनंदन
कथा स्थल पर संतों के पहुंचते ही वातावरण जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर पार्षद श्रीमती अमृता मनीष ठाकुर ने वार्डवासियों की ओर से साध्वी राधा देवी एवं महामंडलेश्वर भैयादास महाराज का पुष्पमालाओं से अभिनंदन किया। उपस्थित भक्तों ने हरिनाम संकीर्तन के बीच संतों का चरण वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कथा के प्रथम सोपान पर साध्वी राधा देवी ने अपनी मधुर वाणी से भागवत महिमा का वर्णन किया।
उन्होंने बताया कि भागवत कथा केवल श्रवण मात्र से ही मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाती है। वहीं, महामंडलेश्वर भैयादास महाराज की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की आध्यात्मिक आभा को और बढ़ा दिया। श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को नगर के लिए एक महान पुण्य अवसर बताया।
धर्म और संस्कृति के संरक्षण का संकल्प
आयोजन समिति के जसवंत सिंह छाबड़ा ने आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस कथा का मुख्य ध्येय समाज में धर्म, संस्कार और संस्कृति का संचार करना है। उन्होंने नगर के सभी धर्मप्रेमियों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस अमृतमयी कथा का श्रवण करें। यह कथा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक न्यास कॉलोनी पाठ में आयोजित की जा रही है।









