इटारसी। मुस्कान संस्था के तत्वावधान में आज सोमवार को थैलेसीमिया रोग के प्रति सामुदायिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में थैलेसीमिया जनजागरण समिति के संरक्षक सत्येंद्र सिंह राठौड़ ने मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित होकर बालिकाओं और अभिभावकों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
जांच और जागरूकता पर जोर
सत्येंद्र सिंह राठौड़ ने उपस्थित बालिकाओं को थैलेसीमिया के कारण, लक्षण, बचाव और उपचार की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि यह बीमारी आनुवांशिक होती है। श्री राठौड़ ने कहा, समय पर रक्त की जांच और समाज में व्यापक जागरूकता से ही हम बच्चों के जीवन को सुरक्षित कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस गंभीर आनुवांशिक विकार के प्रबंधन में माता-पिता की जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण है।
निरंतर सेवा कार्य के लिए सम्मान
कार्यक्रम के दौरान, मुस्कान संस्था परिवार की ओर से सत्येंद्र सिंह राठौड़ को उनके प्रेरणादायक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। संस्था ने उनके द्वारा थैलेसीमिया पीडि़त बच्चों के हित में किए जा रहे निरंतर सेवा कार्यों की सराहना की और उन्हें समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत बताया।
जल्द होगा नि:शुल्क जांच शिविर
इस अवसर पर उपस्थित अधिवक्ता रमेश साहू ने घोषणा करते हुए बताया कि इनरव्हील क्लब द्वारा जल्द ही क्षेत्र में एक व्यापक स्वास्थ्य एवं थैलेसीमिया जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग नि:शुल्क जांच का लाभ उठा सकें। मुस्कान संस्था के संचालक मनीष सिंह ठाकुर ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने दोहराया कि मुस्कान संस्था बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के लिए अपनी प्रतिबद्धता को लगातार जारी रखेगी। कार्यक्रम को सफल बनाने में ऋतु राजपूत, शशांक राजपूत सहित मुस्कान परिवार के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।








