सुखतवा/इटारसी। भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय सुखतवा में शुक्रवार, 20 फरवरी को वार्षिक उत्सव ‘विविधा-2026 जहां शिक्षा मिले संस्कृति से’ का रंगारंग समापन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत ने मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ किया।
विद्यार्थियों के हुनर का मंच है विविधा
स्वागत उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत ने कहा कि वार्षिक उत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभा, कला और कौशल को दुनिया के सामने लाने का एक सशक्त माध्यम है। इस अवसर पर इटारसी के प्रसिद्ध गायक भरत गायकवाड़ ने मेरे देश की धरती देशभक्ति गीत की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उपलब्धियों का उत्सव और सम्मान
कार्यक्रम के दौरान वर्षभर आयोजित युवा उत्सव और भारतीय ज्ञान परंपरा की गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
- विशेष सम्मान: कक्षा में टॉप करने वाले विद्यार्थियों और स्टूडेंट ऑफ द ईयर को विशेष पुरस्कार दिए। प्राचार्य ने समस्त महाविद्यालय स्टाफ को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
- सांस्कृतिक रंग : विद्यार्थी विशाल भलावी, शिवानी धुर्वे और नेहा धुर्वे ने लोकगीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में समां बांध दिया।
कार्यक्रम में डॉ. हिमांशु चौरसिया और डॉ. प्रवीण कुमार कुशवाहा ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर श्रीमती कामधेनु पाटोदिया, सुश्री जोसलिन कुजूर, डॉ. महेंद्र सिंह चौधरी सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। संचालन डॉ. वेद प्रकाश भारद्वाज एवं डॉ. सौरभ तिवारी ने, आभार प्रदर्शन डॉ. सतीश ठाकरे ने किया।









