- नव वर्ष 2026 की पहली किरण के साथ लोकतंत्र में कदम रखें युवा
इटारसी। नया साल 2026 कई युवाओं के लिए एक विशेष अवसर लेकर आ रहा है। भारत निर्वाचन आयोग की स्वीप आइकॉन सारिका घारू ने युवाओं से अपील की है कि वे अपने 18 वे जन्मदिन की पार्टी की योजना बनाने के साथ ही, देश के लोकतंत्र में सक्रिय योगदान देने की जिम्मेदारी भी लें—यानी, मतदाता बनें।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा और कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस विशेष जागरूकता कार्यक्रम के तहत, सारिका घारू ने युवाओं को उनके मताधिकार के महत्व से अवगत कराया।
नया साल, नई पहचान, 1 जनवरी 2026 है अर्हता तिथि
सारिका घारू ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, वह हर युवा जो 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के अनुसार 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहा है, वह मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकता है। यह अभियान लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद अहम है, क्योंकि यह युवाओं की राजनीतिक भागीदारी और चुनावी प्रक्रिया तक उनकी पहुंच को बढ़ाता है।
- क्या करना है : मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए युवाओं को फॉर्म 6 भरना होगा।
- क्या मिलेगा : वोटर आईडी कार्ड, जो नागरिक होने की आपकी सबसे बड़ी पहचान है।
सारिका घारू ने युवाओं से भावुक अपील की है कि वे मतदाता सूचियों की शुद्धता सुनिश्चित करने के इस महत्वपूर्ण अभियान में आगे आएं और लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभाएं। उम्र हो रही है 18 की पूरी, तो मतदाता सूची में नाम जुड़वाये जरूरी। यह एक ऐसा तोहफा है जो न केवल आपका भविष्य तय करेगा, बल्कि देश के भविष्य को भी दिशा देगा।









