इटारसी। होली का खुमार अब पूरी तरह से परवान चढ़ चुका है। इटारसी के भगत सिंह नगर में श्री राम फेरी मंडल द्वारा फाग उत्सव की धूम देखी जा रही है। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप और फाग भजनों की मधुर धुनों ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया है। दादा दरबार से शुरू होकर यह टोली घर-घर पहुंचकर होली के पावन पर्व की बधाई दे रही है।
भगत सिंह नगर के श्री राम फेरी मंडल ने आज होली के उपलक्ष्य में विशेष फाग गायन का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत दादा दरबार धाम से हुई, जहाँ भगवान के चरणों में गुलाल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की गई। इसके बाद मंडल की टोली मोहल्ले के अनेक घरों में पहुंची। मंजीरों की खनक और ढोलक की थाप पर होली के पारंपरिक फाग और भजन गाए गए।
मोहल्ले के हर घर में मंडल का भव्य स्वागत किया और लोगों ने एक-दूसरे को अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। फाग भजनों की इन प्रस्तुतियों ने बुंदेली और मालवी संस्कृति की यादें ताजा कर दीं। फाग गायन के इस कार्यक्रम में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भक्ति और उल्लास के इस संगम ने यह साबित कर दिया कि त्योहार केवल रंगों का नहीं, बल्कि सुरों और अपनत्व का भी मिलन है।








