सिवनी मालवा। कृषि उपज मंडी बानापुरा के कृषक विश्राम गृह में भारतीय किसान संघ की मासिक बैठक में बिजली, नहर, मंडी और बैंक सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी किसानों की ज्वलंत समस्याओं पर गहन चर्चा कर उनके निराकरण की मांग उठाई गई।
शीतलहर को देखते हुए किसानों को दिन में 10 घंटे नियमित बिजली देने और ओवरलोड ट्रांसफार्मरों को बदलने की मांग की गई। साथ ही ग्रीष्मकालीन मूंग के लिए नहरों से अतिक्रमण हटाने और टेल क्षेत्र तक पानी पहुंचाने पर जोर दिया गया। बानापुरा एवं शिवपुर मंडी में नए तौल कांटे लगाने, भगवान बलराम की प्रतिमा स्थापित करने और आगामी फसल हेतु डीएपी खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही गई।
ग्राम पंचायतों के वाटर टैंकर सुधरवाने, आवारा पशुओं को गौशाला भेजने और खरार, बावडिय़ा जैसे गांवों में जंगली सुअरों व बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की गई। सहकारी बैंकों से चेकबुक देने और पासबुक में तत्काल प्रविष्टि करने की मांग रखी गई। बैठक में मुख्य रूप से शंकर सिंह पटेल, गुलाब सिंह लौवंशी, सोनू भदौरिया, राधा कृष्ण मालवीय, अलताप लौवंशी सहित बड़ी संख्या में किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।









